Saturday, September 12, 2009

The Babaji of Chinmaya Mission

The realised master. Babaji was gem of Chinmaya Mission. His contribution to Hindi Spiritual world and Chinmaya Mission is immense.For more details pl see www.vedantijeevan.com

Friday, September 11, 2009

Panchadashi


ॐ तत्सत्

श्री परमात्मने नम:


श्री पञ्चदशी
ग्रन्थकार : श्री विद्यारण्य स्वामी
व्याख्याकार : स्वामी शंकरानन्द


प्रस्तावना

मानव मात्र के लिए कल्याणकारी जीवन जीने का विधान वेद मे संग्रहीत है। वेद की ही अन्तिम शिक्षा वेदान्त है। उसे उपनिषद भी कहते हैं। उसका परम पवित्र ज्ञान मनुष्य को सब कल्मष से मुक्त कर आनन्द, शान्ति और पुर्णता प्रदान कर देता है। प्रबुध्द लोग प्राचिन काल से ही उसका आदर करते आ रहे हैं। पहले यह ज्ञान भारत में ही केन्द्रित था, किन्तु अब संसार की सभी भाषाओं में यह ज्ञान उपलब्ध है। वैज्ञानिक विकास के साथ आवागमन और सम्पर्क के साधन बढे और उसी के साथ यह ज्ञान भी दुर-दुर फैला। अन्य देशों में इसका आदर होते देखकर हम भारतवासियों ने भी अपने पूर्वजों के द्वारा आर्जित् इस सम्पत्ति का मूल्य समझा और इसका अध्ययन कर इसे अपने जीवन में लाने का प्रयास कर रहे हैं।

वेद और उपनिषदों की भाषा तथा उनकी शैली कुछ जटिल है अथवा यह कहें कि आधुनिक भाषाओं का प्रयोग कर रहे मनुष्यों के लिए उनकी भाषा अभ्यास से बाहर होने के कारण कठिन प्रतीत होती है। इस समस्या का निवारण करने का प्रयास पहले भी हुआ है और अब भी हो रहा है। इसी कारण वेदान्त के नये-नये ग्रन्थों की रचना होती रहती है। शंकराचार्य जी ने उपनिषद् आदि आर्ष ग्रन्थों पर भाष्य लिखकर उनका तात्पर्य स्पष्ट किया है और उन्होंने वेदान्त-दर्शन पर अनेक ग्रन्थ भी लिखे हैं। उनके बाद उनके शिष्यों और अनुयायियों ने भी इस दिशा मे प्रयास जारी रखा। उनकी रचनाओं में श्री विद्यारण्य स्वामी के कई ग्रन्थ बडे महत्वपुर्ण और् ख्यातिप्राप्त हैं। वे भगवान् शंकराचार्य द्वारा स्थापित श्रृंगेरिमठ के आचार्य पद पर सन् १३७७ से १३८६ तक आसीन रहे। वे वेद-भाष्य रचयिता श्री सायण के भाई थे और स्वयं भी बडे विद्वान थे। उन्होने पञ्चदशी, सर्वदर्शन्-संग्रह, श्री शंकर दिग्विजय, जीवन-मुक्ति विवेक, अनुभूति प्रकाश, विवरण प्रमेय संग्रह, उपनिषद् दीपिका आदि कई ग्रन्थ लिखे हैं। दृग्दृश्य विवेक पुस्तक के रचयिता भगवान् शंकराचार्य हैं अथवा विद्यारण्य स्वामी, इस विषय मे विवाद है।

श्री विद्यारण्य स्वामी की अन्य सभी रचनाओं की अपेक्षा 'पञ्चदशी' अधिक लोकप्रिय हुई है। इसमे अद्वैत वेदान्त का निरुपण क्रमबद्घ, स्पष्ट और सविस्तार हुआ है। यद्यपि इसमे विरोधी मतों के खण्डन का प्रयास नहीं किया गया है फिर भी प्रतिपाद्य विषय को स्पष्ट करने के लिए उनमें दोष अवश्य दिखाये गये हैं। ग्रन्थ का मुख्य उद्देश्य वेदान्त में रुचि रखने वाले व्यक्तियों को उसका सुखपूर्वक सम्यक् ज्ञान कराना ही है। लेखक ने इस विषय का प्रमाण उपनिषद् माना है, इसलिए मन्त्रों को उद्धृत करने मे कोई संकोच नहीं किया गया है। तर्क उपनिषद् प्रतिपादित सत्य का अनुगामी रहा है। तदनुरूप अनुभव प्राप्त करना उसका अन्तिम प्रमाण है। उसके साथ वेदान्त ज्ञान का फल जुड़ा हुआ है। ब्रह्म और आत्मा के एकत्व ज्ञान के अनुभव में ही कृत्कृत्यता, मुक्ति और् परमानन्द की उपलब्धि है।

हमारे समस्त दु:खों का अन्तिम कारण अज्ञान है। अज्ञान के कारण ही हम अपने सत्स्वरुप को भुलकर असत् शरीर आदि को ही अपना रूप मान बैठे हैं। देहात्मबुध्दि के कारण हम विकारी, मरणधर्मा और क्षुद्र बन गये। जगत् के विषयों को सत्य, सुखदायी और मूल्यवान समझ कर उनमें आसक्त हो गये। यह भ्रांति बने रहने तक दु:ख से छुटकारा नहीं हो सकता।

वेदान्त-दर्शन भ्रांति और दु:ख से मुक्त होने के लिए विचार और विवेक का मार्ग प्रशस्त करता है। विवेक बुध्दि सत्-असत् का विश्लेषण करती है। व्यवहार के छोटे से दायरे में हम सब विवेकवान हैं, किन्तु दु:खोंकि आत्यन्तिक निवृत्ति के लिए इतना विवेक पर्याप्त नहीं है। घर के भीतर एक बालिका सफाई करते समय इतना विवेक रखती है कि अनुपयोगी कूड़ा क्या है जिसे घर के बाहर फेंक देना चाहिए। उपयोगी वस्तुओं को वह संभाल कर घर मे रखती है। किन्तु जब उसकी माँ उसे पडोसी के घर खेलने नहीं जाने देती तो उसे यह समझना कठिन हो जाता है कि इसमें माँ का क्या विवेक है। बडे़ होने पर वह जान जाती है कि उसका क्या रहस्य था। स्वयं माँ बनने पर वह अपनी पुत्री को उसी प्रकार की शिक्षा देती है। वेदान्त-दर्शन हमें विवेकवान बनने के लिए इसके आगे ले जाता है। वह समस्त विश्व को अपने विचार का विषय बनाकर सत्-असत् का विवेक करने के लिए प्रेरित करता है। यह विवेक का अन्तिम रूप है।

सभी वेदान्त ग्रन्थों में सत् और असत् की परिभाषायें देकर अपने बाहर-भीतर उनकि पहचान करने कि प्रक्रिया बताई गयी है। यहां अपनी सत्ता से स्वतन्त्र रुप में विद्यमान, नित्य और निर्विकार् वस्तु को सत् स्वीकार किया जाता है। इन लक्षणों वाली वस्तु एक ही है, उसे आत्मा कहते हैं। वही परमात्मा या ब्रह्म है। इसके अतिरिक्त जो कुछ नाम्-रूपात्मक भासित होता है, वह असत् या मिथ्या है। हमारी समस्या यह है कि हम असत् नामरूपात्मक विकारों को ही सत् समझते हैं और उन्हीं को अपनी सत्ता समझते हैं।

इस असत् के मायाजाल से निकल कर अपने वास्तविक आत्म-स्वरूप को खोजना और पहचानना ही वेदान्त के अनुसार हमारे जीवन का चरम लक्ष्य है। इसके लिए अनेक उपाय बताये जाते हैं। उनमें से कुछ अवस्थात्रय विवेक, पञ्चकोश विवेक, द्रष्टादृष्य विवेक, महाभूत विवेक आदि हैं। इन उपायों से अपना वह स्वरूप मिल जाता है जिसे जानकर हम अपने को अमर, पुर्ण, अभय और आनन्दमय पाते हैं।

ध्यान देने की बात यह है कि विवेक विचार की यह प्रक्रिया हम स्वतन्त्र रूप से अपना कर कभी सफल नहीं हो सकते। इस मार्ग पर सफलतापूर्वक आगे बढे लोगों का अनुभव है कि अत्यधिक विलक्षण पुरुष भी अपने आप विचार कर आत्मज्ञान नहीं प्राप्त कर सकते। उन्हें पूर्व सफलता प्राप्त आत्मज्ञानी पूरुषों के मुख से वेदान्त ज्ञान का श्रवण करते हुए उपनिषद् आदि ग्रन्थों का अध्ययन और उनके महावाक्यों के अर्थ का चिन्तन करना चाहिए। श्रवण के द्वारा ज्ञान होता है कि हमारी पूर्व धारणायें मिथ्या थीं। उनका त्याग कर अब नयी धारणायें बनानी चाहिए। यह कार्य करने के लिए मनन करने की प्रक्रिया उपयोगी है। इस प्रकार श्रवण और मनन के अभ्यास से आत्मज्ञान होने पर उसकी निष्ठा बनाये रखने का प्रयास निदिध्यासन है। योग-दर्शन में प्रत्यय एकतानता को ध्यान कहते हैं और वेदान्त में वही निदिध्यासन है।

उत्तम अधिकारियों को श्रवण मात्र से ही आत्मज्ञान हो सकता है किन्तु अन्य साधकों को मनन और निदिध्यासन का अभ्यास करना अपेक्षित होता है। प्रारम्भिक साधक को आत्म-चिन्तन एक कल्पना मात्र प्रतीत होती है, किन्तु उसे शास्त्र सम्मत मान कर निरन्तर करते रहने से वस्तुत: आत्मा कि उपलब्धि होती है। साधना के फलस्वरूप आत्म-साक्षात्कार होना और उसमें तृप्ति का अनुभव केवल कल्पना या मिथ्या धारणा नहीं है। उसका प्रमाण यही है कि किसी अन्य ज्ञान के द्वारा उसका बाध नहीं होता।

आत्मज्ञानी पुरूष ही जीवनमुक्त है। वह शरीर में रहते हुए मुक्ति का आनन्द अनुभव करता है। यद्यपि उसे अपने लिए शरीर की अपेक्षा नहीं रहती, किन्तु वह शरीर की सहायता से अन्य लोगों को अपनी अनुभूतियों के द्वारा मार्ग-दर्शन दे सकता है। इसलिए जीवन्मुक्त पुरुष अपने आप में परब्रह्म परमात्मास्वरूप हैं और समाज के लिए बीच समुद्र में खडे़ दीप स्तम्भ के समान उज्वल आदर्श हैं। उन्हीं के द्वारा मानवता का विकास होता है और यह जगत् सर्वसाधारण के लिए रहने योग्य बनता है।

'पञ्चदशी' ग्रन्थ के पन्द्रह अध्यायों में श्री विद्यारण्य स्वामी ने इस वेदान्त विद्या का विस्तृत विवेचन किया है। सभी अध्याय अपने आप में पुर्ण होते हुए भी वे सब मिलकर ग्रन्थ को सब प्रकार से उपयोगी बना देते हैं। सम्पुर्ण ग्रन्थ तीन भाग में विभक्त है। प्रथम पाँच अध्याय 'विवेक' नाम से, दुसरे पाँच अध्याय 'दीप' नाम से और अन्तिम पाँच अध्याय 'आनन्द' नाम से अभिहित किए गए हैं। इससे ज्ञात होता है कि विवेक नामक अध्याओं में सत् वस्तु की खोज की गयी है, दीप नामक अध्याओं में उस सत् का अनुभव कराया गया है और आनन्द नामक अध्याओं में उस वस्तु के आनन्द का निरूपण है। हम यह भी कह सकते हैं कि समस्त ग्रन्थ में परमात्मा का ही प्रतिपादन किया गया है। विवेक नामक प्रथम पंचक में उसके सत् स्वरूप् का, दीप नामक दूसरे पंचक में उसके चित् स्वरूप का और अन्तिम आनन्द नामक पंचक में उसके आनन्द स्वरूप का प्रतिपादन किया गया है। इसी क्रम से हम विवेक द्वारा असत् वस्तु का त्याग कर सत् स्वरुप आत्मा को पहचानने का प्रयास करते हैं, फिर उसके चित् स्वरूप का अनुभव कर उसके आनन्दस्वरूप तक पहुँच जाते हैं। अपने आत्मा में ही परमानन्द का अनुभव कर पुर्णता प्राप्त हो जाती है।

प्रत्यक्-तत्व-विवेक नामक पहले अध्याय में सम्पूर्ण ग्रन्थ का सार प्रस्तुत कर दिया गया है। उसी का विस्तार शेष समस्त अध्यायों में हुआ है। दूसरा अध्याय पंचमहाभूत-विवेक है। इसमें परमात्मा की शक्ति माया से समस्त पांचभौतिक सृष्टि की उत्पत्ति दिखा कर सत्स्वरूप परमात्मा और असत् या मिथ्यारूप सृष्टि के बीच विवेक किया गया है। इस विवेक से उत्पन्न ज्ञान-दृष्टि में एक सत्स्वरूप परमात्मा ही सर्वत्र दिखाई देने लगता है। मायामय जगत् तिरोहित हो जाता है। इसी के साथ समस्त भौतिक क्लेश भी समाप्त हो जाते हैं और जीवभाव का भी अन्त हो जाता है (२.१०४)।

पंचकोश-विवेक के द्वारा भी हम इसी निर्णय पर पहुँचते हैं। उसका विस्तृत वर्णन तीसरे अध्याय में है। अन्नमय आदि पाँच कोश हमारे सत्स्वरूप आत्मा पर एक प्रकार के आवरण हैं। मुंज की घास से उसकी पत्तियां हटाकर जैसे अन्दर की सींक निकाल ली जाती है अथवा सर्दियों में पहने हुए अनेक वस्त्रों को एक-एक कर उतार देते हैं और अपने शरीर तक पहुंच जाते हैं, उसी प्रकार अन्नमय, प्राणमय, मनोमय, विज्ञानमय, और आनन्दमय कोशों को अनात्मा समझ कर जब हम अपनी दृष्टि अपने नित्य अस्तित्व की और फेरते हैं तो हमें अपने आत्मा का अनुभव होता है।

चौथे अध्याय में ईश्वरकृत और जीवकृत दो प्रकार की सृष्टियों का वर्णन किया गया है। पहली सृष्टि 'जगत्' और दूसरी सृष्टि 'संसार'। जीव ने स्वयं संसार की रचना कर अपने लिये समस्या उत्पन्न की है। यदि शास्त्र ज्ञान से वह अपना संसार निरस्त कर दे तो उसे मुक्त होने में देर नहीं। यहां संसार का वर्णन बडे स्पष्ट रूप में हुआ है।

पांचवा अध्याय चार महावाक्यों का विवेचन कर आत्मा और परमात्मा की एकता का निरूपण करता है।

छठा अध्याय 'चित्रदीप' है। उसमे वस्त्र पर बने चित्र का दृष्टान्त देकर कुटस्थ पर नाम-रूपात्मक जगत् की रचना बताई गयी है। वस्त्र पर रंगो के द्वारा जड़ भूमि, जल, पर्वत की रचना और पशु, पक्षी, मनुष्य आदि चेतन प्रणियों की रचना दिखाई जाती हैं। इसी प्रकार कूटस्थ परमात्मा पर आश्रित होकर समस्त जगत् का विस्तार हुआ है। जगत् तो कभी है कभी नहीं भी है किन्तु कुटस्थ सदा विद्यमान है। उसका निषेध नहीं हो सकता। यह कूटस्थ ही सबका आत्मा है। इस सत्स्वरूप आत्माका ज्ञान ही पुर्णता है। 'तृप्तिदीप' नामक सातवें अध्याय में इसी पुर्णता का वर्णन है। इसी में परम तृप्ति है। बृहदारण्यक उपनिषद् का एक श्लोक "आत्मानं चेद्विजानीयात......" (४.४.१२) ज्ञानी की इस स्थिति का वर्णन करता है और यह २९८ श्लोकों का अध्याय उसी एक श्लोक की व्याख्या करता है।

'कूटस्थदीप' नामक आठवें अध्याय में कूटस्थ आत्मा का पुन: निरूपण किया है और उसके सर्वाधिष्ठान, निर्विकार, निर्लेप और अविनाशी लक्षणों की तर्क के द्वारा स्थापना की है। उत्तम अधिकारी पुरुष विचार द्वारा ही उसका ज्ञान प्राप्त कर लेते हैं किन्तु मध्यम अधिकारी चिन्तन द्वारा अपना चित्त उसमें स्थापित करते हैं। इस चिन्तन प्रकृया का वर्णन 'ध्यानदीप' नामक नवें अध्याय में किया गया है। उसमें सम्वादी और विसम्वादी भ्रम का अन्तर बता कर यह दिखाया गया है की ध्यान-साधना सम्वादी भ्रम का एक प्रकार है और उससे सत् की प्राप्ति होना सहज स्वाभविक है। निर्गुण ब्रह्म का चिन्तन करने पर चिन्तनीय वस्तु यद्यपि मन की कल्पना है, किन्तु उसके फलस्वरूप सत्स्वरूप ब्रह्म की उपलब्धि होती है।

दसवें अध्याय में नित्यानित्य और द्रष्टा-दृष्य का विवेक करने में दीप के प्रकाश में हो रहे नाटक का उदाहरण दिया गया है। राज-सभा में दीपक जल रहा है। राजा तथा अन्य सभासद आकर अपने आसनों पर बैठते हैं। नृत्य करने वाला समाज और वादक आकर अपना नाटक प्रारम्भ करते हैं। राजसभा में उपस्थित ये सभी लोग दीपक के प्रकाश से प्रकाशित होते हैं। सभा समाप्त होती है और सब लोग चले जाते हैं। कक्ष खाली हो जाता है। उसे भी दीपक प्रकाशित करता है। इसी प्रकार साक्षी चैतन्य अन्त:करण की सभी वृत्तियों को प्रकाशित करता है और सुषुप्तावस्था या तुरीयावस्था में उनके न होने को भी प्रकाशित करता है। वह साक्षी चैतन्य वृत्तियों के होने या न होने से किसी प्रकार प्रभावित नहीं होता। वह सदा निर्लेप ही रहता है।

आत्मा आनन्दस्वरूप भी है। इसके आनन्द का अनुभव करना ही आत्मज्ञान है। तर्क द्वारा भी सिध्द किया जा सकता है की आत्मा परम प्रेमस्वरूप होने के कारण आनन्दस्वरूप है। इस विषय का विवेचन अन्तिम पाँच अध्यायों में किया गया है। इस प्रकार समस्त ग्रन्थ वेदान्त के सभी पक्षों का गहराई से विस्तृत विवेचन करता है। इससे साधकों को विचार और चिन्तन कर अपने लक्ष्य तक पहुंचने मे बड़ी सुविधा होती है। इसलिए वेदान्त-साधकों के बीच यह ग्रन्थ बहुत प्रचलित, उपयोगी और प्रसिद्घ हुआ है।

-स्वामी शंकरानन्द ,मंधना,कानपुर २०९२१७,१० सितम्बर - १९९४


ॐ तत्सत।


श्री परमात्मने नम:।
अध्याय १
प्रत्यक्-तत्त्व-विवेक

मंगलाचरण


ग्रन्थकार श्री विद्यारण्य स्वामी ने ग्रन्थ की रचना प्रारम्भ करने के पूर्व दो श्लोकों में परमात्मस्वरूप गुरु की वन्दना की है। इसे मंगलाचरण कहते हैं। इसका उद्देश्य ग्रन्थ का निर्विघ्न समाप्त होना और अध्ययन करने वालों के लिए कल्याणकारी होना है। यह शिष्टजन परम्परा भी है।

नम: श्रीशंकरानन्द गुरुपादाम्बुजन्मने।

सविलास महामोह ग्राहग्रासैक कर्मणे।।

विलास सहित महामोह रूपी ग्राह का ग्रास कर जाना ही जिसका मुख्य काम है ऐसे शंकरानन्द गुरु पादाम्बुजों को मैं नमस्कार करता हूं।

व्याख्या - श्री विद्यारण्य स्वामी के गुरु हैं श्री शंकरानन्द महाराज। उनका स्मरण कर और उनके चरण कमलों की वन्दना कर ग्रन्थ प्रारम्भ किया जाता है। गुरु-वन्दना में उनकी महिमा भी गाई गयी है। साथ ही उनके प्रति अपनी भक्त्ति भी प्रक्रट की गयी है। इससे यह सूचित होता है कि गुरु का मुख्य कार्य शिष्य के मोह का नाश करना है और शिष्य को इसका अधिकारी बनने के लिए गुरु-चरणों में दृढ भक्ति रखनी चाहिए।

कोई भी विद्या गुरु-कृपा से ही प्राप्त होती है। वेदान्त ज्ञान तो गुरु से ही प्राप्त होता है। गुरु की कृपा से ही अज्ञान नष्ट होकर हृदय में शुध्द ज्ञान और आनन्द का प्रकाश होता हैं इसलिए अध्यात्म विद्या के जिज्ञासु शिष्य को अपने गुरु में ईश्वर भाव रखकर भक्ति करनी चाहिए।

यस्य देवे परा भक्तिर्यथा देवे तथा गुरौ।

तस्यैते कथिता ह्यर्था: प्रकाशन्ते महात्मन:।।

'जिस महात्मा के हृदय में परमात्मा के प्रति परम भक्ति हो और वैसी ही भक्ति गुरु में भी हो उसे शास्त्र में कहे गये धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष रूप अर्थ अथवा श्रुति में कथित वचनों का अर्थ प्रकाशित होता है।'

श्रुतियाँ आत्मा और परमात्मा की एकता का ज्ञान कराती है। गुरु-कृपा से वह ज्ञान ह्र्दय में प्रकट होता है। श्रुतियों ने स्वयं इस बात पर बल दिया है। छान्दोग्य उपनिषद् के अनुसार 'आचार्यवान् पुरुषो वेद'-अर्थात आचार्य (गुरु) की सेवा करने वाले को ही यह ज्ञान प्राप्त होता है। मुण्डक उपनिषद् में कहा गया है कि तत्व ज्ञान की जिज्ञासा होने पर गुरु के पास जाना चाहिए। 'तद्विज्ञानार्थं स गुरुमेवाभिगच्छेत्समित्पाणि: श्रोत्रियं ब्रह्मनिष्ठम्'-अर्थात जिज्ञासु को हाथ में समिधा लेकर श्रोत्रिय और ब्रह्मनिष्ठ गुरु की शरण मे जाना चाहिए। इस श्रुति-वचन में सद्गुरु के लक्षण भी बता दिये गये हैं

जो वस्तु जिसके पास होती है उसी से मिल सकती है। दरिद्री मनुष्य धनवान से ही धन प्राप्त कर सकता है। बंधे हुये मनुष्य को वही छुडा सकता है जो स्वयं छूटा हो। यदि दो व्यक्ति दो खम्भों में रस्सी से बंधे हों तो वे मुक्त होने में एक दूसरे की सहायता नहीं कर सकते। उनके अतिरिक्त जब कोई तीसरा मुक्त मनुष्य उनके पास आये और उन पर कृपा करे तभी वे मुक्त हो सकते हैं। इसी प्रकार गुरु होने का वही अधिकारी है जो स्वयं मोहमुक्त है। जिसने शाश्त्र का अध्ययन किया है, वही दूसरे को उसका अध्ययन करने में सहायता कर सकता है। मुण्डक और कठोपनिषद् में बंधे हुये मनुष्य का दृष्टान्त देकर यह श्लोक कहा गया है-

अविद्यायमन्तरे वर्तमाना:

स्वयं धीरा: पण्डिम्मन्यमाना:।

दन्द्रम्यमाणा: परियन्ति मूढा

अन्धेनैव नीयमाना यथान्धा:।

'अविद्या के भीतर रहते हुये भी अपने आपको बुद्घिमान और विद्वान् मानने वाले वे मूर्ख लोग नाना योनियों में चारों ओर भटकते हुए ठीक उसी प्रकार ठोकरें खाते हैं, जैसे अन्धे मनुष्य के द्वारा चलाये जाने वाले अन्धे अपने लक्ष्य तक नहीं पहुँचते।'

तात्पर्य यह है कि मनुष्य को ऐसे गुरु के पास जाना चाहिए जिसके ज्ञान के नेत्र खुले हों और स्वयं मोहमुक्त होकर आत्मानन्द में रमण कर रहा हो। श्री शंकरानन्द महाराज ऐसे ही गुरु हैं। उनके चरण कमलों की कृपा से मोह और उसके परिणामस्वरूप होने वाले दु:ख आदि सब मिट जाते हैं। विद्यारण्य स्वामी को इसका व्यक्तिगत अनुभव है।

संसार-सागर के जल में कमल भी उत्पन्न होते हैं और मगर भी। मगर सभी जल-जन्तुओं को खा जाता है, किन्तु कमल को नहीं खाता। कमल जल में रहते हुए भी उससे असंग रहता है। इसी प्रकार गुरु और शिष्य दोनों संसार में पडे प्रतीत होते हैं। किन्तु शिष्य तो मछली बन कर मोहरूपी मगर के मुख में दब जाता है, किन्तु गुरु कमल बन कर जल के ऊपर खिला प्रसन्न रहता है। वह अपनी सुगन्ध और शोभा सब और विकीर्ण करता है। वह अपना आदर्श प्रस्तुत कर शिष्य को असंग और ज्ञानवान बनने की प्रेरणा देता है। आश्चर्य की बात यह है कि ग्राह जैसे भयंकर मोह को अति कोमल चरण-कमल भी ग्रस जाने में समर्थ हैं। तात्पर्य यह है कि इस भयंकर, क्रुर संसार पर विजय पाने के लिए उससे भी अधिक दुर्धर्ष बनने की न आवश्यकता है, और उचित ही है। कोमल सत्त्विक भाव आर्जित कर दया, क्षमा और भक्ति द्वारा ही उस पर विजय पायी जा सकती है। एक छोटे अज्ञान को नष्ट करने के लिए एक बडा अज्ञान समर्थ नहीं होता। अज्ञान को ज्ञान ही नष्ट कर सकता है।

कमल और ग्राह के रूपक गुरु-कृपा की महिमा भी सूचित करते हैं। ऐसा प्रसिद्घ है कि भगवान् शंकरचार्य ने अपने मंदमति शिष्य तोटक को अपनी कृपा से ज्ञानवान बना दिया। अन्य शिष्य जिसे उपेक्षा की दृष्टि से देखते थे, वह तोटक छन्द का रचयिता बन गया। उसके मुख से सहसा श्लोकों का शुद्घ उच्चारण सुनकर सभी लोग आश्चर्य में रह गये। अत: गुरु-कृपा से असंभव भी संभव बन जाता है।

इस श्लोक की रचना इतनी कुशलता से हुई है कि इसके द्वारा ग्रन्थ का अनुबंध चतुष्टय भी सूचित हो जाता है। ग्रन्थ की रचना के प्रारम्भ में ग्रन्थकार अपनी कृति के विषय में चार सूचनायें देता है, उन्हे अनुबंध चतुष्टय कहते हैं। विषय, सम्बन्ध, प्रयोजन और अधिकारी-इन चारों का सम्बन्ध ही अनुबंध है। वेदान्त ग्रन्थों का प्रतिपाद्य 'विषय' आत्मा और ब्रह्म की एकता होती है। इस श्लोक में 'शंकर' ब्रह्म है और 'आनन्द' आत्मा है। दोनों की एकता शंकरानन्द है। विषय और ग्रन्थ का सम्बन्ध प्रतिपाद्य-प्रतिपादक 'संबन्ध' है। ग्रन्थ का 'प्रयोजन' उसकी रचना का उद्देश्य होता है। महामोह का नाश और आत्मज्ञान के द्वारा परमानन्द की प्रप्ति कराना ही इसका प्रयोजन सूचित होता है। यदि कहो कि इस प्रयोजन से तो पहले ही अनेक ग्रन्थों की रचना हो चुकी है, तो अगले श्लोक में कहेंगे 'सुखबोधाय' अर्थात सरलता से आत्मज्ञान होना ही इसका विशेष प्रयोजन है। 'अधिकारी' वही है जिसका हृदय में गुरु-चरणों की भक्ति है। अन्तिम दो प्रयोजनों का विस्तृत उल्लेख अगले श्लोक में किया गया है।

Friday, September 4, 2009

बाबाजी का जीवनवृत (10 सितम्बर 1926 - 29 सितम्बर 2003)



कान्यकुब्ज शुक्ल बाह्मण परिवार में 10 सितम्बर 1926 को पं0 देवीप्रसाद शुक्ल तथा श्रीमती चंद्राणी देवी को एक पुत्र-रत्न की प्राप्ति हुई, जिसका नाम रखा गया 'प्रतापचन्द्र शुक्ल'। यह बालक बाल्यकाल में ही कुछ विलक्षण सा था-अन्तर्मुखी, अध्ययनशील। कठिन परिस्थितियों में अपने ही श्रम से स्नातकोत्तर तक शिक्षा प्राप्त की। हिन्दी साहित्य तथा दर्शन शास्त्र में एम00 किया। आंग्ल भाषा तथा संस्कृत के अतिरिक्त उन्हें गुजराती भाषा का ज्ञान भी था। तपोव्रती सरल-ह्रदय प्रतापचन्द्र शुक्ल में जन्मान्तरों से अर्जित अध्यात्म का प्रबल संस्कार था। घर में भी नित्य पूजा का विधान मिला। अंतत: सन् 1986 में उन्हें गुरुदेव स्वामी चिन्मयानन्द जी से संन्यास दीक्षा और नाम 'स्वामी शंकरानन्द' मिला।

संत- समागम, शास्त्रों का मननात्मक अध्यन, जप, ध्यानादि, साधनाओं तथा धर्मप्रधान जीवन से वैराग्य की पुष्टि होती गई। 'धर्मतेविरति' उनके जीवन में चरितार्थ हुई। स्वामी शिवानन्द जी के साहित्य तथा ज्ञान शिविर से उन्हें अध्यात्म विद्या के सिद्धान्तों को आचरण में धारण करने की प्रेरणा मिली । इसके अतिरिक्त रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, महर्षि अरविन्द घोष, जे0 कृष्णामूर्ति आदि के साहित्य से उनके चरण अध्यात्म पथ पर दृढ़ता से स्थित हो गये थे।

जीवन लक्ष्य का निभ्रान्त वरण हो चुका था, वहीं 1967 में उन्हें 'चिन्मय मिशन' का परिचय प्राप्त हुआ। गुरुदेव स्वामी चिन्मयानन्द जी प्रथम बार कानपुर पधारे थे तथा मोती झील प्रांगण में गीता अध्याय 3 और भजगोविन्दम् पर प्रवचन कर रहे थे। सन् 1969 में पुन: उन्होंने गुरुदेव स्वामी चिन्मयानन्द जी को सुना । उनकी समझ में आ गया की जिस अध्यात्म विद्या को वह सीखना और पढ़ना चाह रहे हैं उसी का प्रशिक्षण गुरुदेव दे रहे हैं। ज्ञान यज्ञ के बाद का कार्यकारिणी बनाई गई और श्री गुरु लाल निगम के घर स्वाध्याय - मंडल का प्रारम्भ हुआ। उसके प्रमुख सेवक स्वामी शंकरानन्द जी बनाए गये। उनकी प्रतिभा को प्राकट्य का अवसर मिला, जिसका प्रभाव सुनने वालों के ह्रदय पर पड़ता था। कानपुर में उनकी ख्याति बढ़ने लगी।

स्वाध्याय मंडलों में हिन्दी की पुस्तकों की आवश्यकता होने पर स्वामी शंकरानन्द जी ने "Kindle Life" का अनुवाद करके उसका नाम " जीवन ज्योति '' रखा। इसके बाद गुरुदेव की स्वीकृति से वह पुस्तक " विवेक प्रिन्टर्स '' कानपुर से मुद्रित हुई। मुंबई से सेन्ट्रल चिन्मय मिशन ट्रस्ट की हिन्दी शाखा कानपुर में स्थापित हुई।

उस समय का प्रारम्भ हुआ हिन्दी प्रकाशन का कार्य अब एक वृहद् रुप धारण कर चुका है। उसमें अधिकांश पुस्तकें गुरुदेव की अंग्रेजी पुस्कों का हिन्दी अनुवाद है। कुछ पुस्तकें स्वामी तेजोमयानन्द जी की हैं तथा कुछ स्वामी शंकरानन्द जी की है। " कैवल्य उपनिषद् '' अनुवाद न होकर स्वामी जी अपनी सरल, सुनियोजित, सरस, सुन्दर व्याख्या है। ब्रह्मचारी विवेक चैतन्य जी (स्वामी तेजोमयानन्द जी) की कानपुर कार्याविधि में स्वामी शंकरानन्द जी के लेखन - कार्य में प्रगति हुई। प्रकाशन के लिये क्रमश: श्रीमती निर्मला बाजोरिया, श्रीमती दीपा मोदी तथा श्री राधाकृष्ण अग्रवाल के आर्थिक अनुदान से श्रीमद्भगवद्गीता, कठोपनिषद तथा मुणडकोपनिषद पुस्तकें हिन्दीं प्रकाशन में आई।

स्वामी तेजोमयानन्द जी ने ज्ञान यज्ञों से जनमानस में वेदान्त की अभिरुचि जगा दी थी। एक बार आर्य नगर, कानपुर में ज्ञान यज्ञ के बाद कुछ जिज्ञासुओं ने उनसे पूछा कि गीता के अन्य अध्यायों की व्याख्या हम कैसे जानेंगे। आपके ज्ञान-यज्ञ तो बहुत दिनों बाद होते हैं। इसके उत्तर में स्वामी तेजोमयानन्द जी ने कहा कि आप लोग स्वामी शंकरानन्द जी से सुनिये । वे आपको गीता ही नहीं वरन् अन्य ग्रन्थों तथा उपनिषदों की व्याख्या भी सुनायेंगे।

स्वामी शंकरानन्द जी ने अपने निवास स्थान पर प्रात: 7 से 9 बजे तक सत्संग प्रारम्भ किया। इसमें नगर के कुछ एडवोकेट, आफिसर तथा शिक्षित लोग आने लगे। इस सत्संग में गीता, उपनिषद आदि तथा भगवान शंकराचार्य के ग्रन्थ और पंचदशी की व्याख्या कई वर्षों तक चलीं।

स्वामी शंकरानन्द जी ने 1970 में एक साप्ताहिक समाचार पत्र " सिविक सर्विस न्युज बुलेटन'' निकालना प्रारम्भ किया। इसमें अधिकांश समाचार और लेख धर्म तथा अध्यात्म पर ही होते थे। य़द्यपि इसका संचालन चिन्मय मिशन नहीं करता था तथापि एक प्रकार से यह उसी का पत्र था। इसमें गुरुदेव के पुस्तकों के अनुवाद, ज्ञान-यज्ञों के विज्ञापन और रिपोर्ट आदि ही छपते थे। सन् 1986 में स्वामी तेजोमयानन्द जी की सम्मति से यह समाचार पत्र मासिक पत्रिका " चिन्मय चन्द्रिका '' के रुप में प्रकट हुआ।

28 अक्टूबर सन् 1986 में गुरुदेव ने संन्यास दीक्षा के बाद स्वामी शंकरानन्द जी को कुछ शिक्षा भी दी। " तुम्हारा सम्बन्ध श्रृंगेरी मठ से है। तुम्हारा भिक्षा मत्रं है "भिक्षां देहि" । पाँच घरों से माँगने का विधान है। आजकल एक ही घर से भिक्षा मिल सकती है, किन्तु इसका तात्पर्य यही है कि कहीं किसी वस्तु या व्यक्ति में आसक्ति न हो। किसी अन्य क्षेत्र में भी तुम " नारायण हरि'' कहकर भिक्षा माँग सकते हो।''

इसके बाद गुरुदेव ने एक वेदान्त मंत्र देकर उसे गायत्री मंत्र के स्थान पर जपने के लिए दिया और कहा, " अब तुम्हे यज्ञ आदि कर्मकाण्ड नहीं करना है। स्वयं को अकर्ता समझो । देह, मन, बुद्धि को निष्काम कर्म करने दो। अपने आपको शुद्ध आत्मा जानो और उसी में स्थित रहो। इस प्रकार सदा शान्त और आनन्दमय रहना ही परम गति है।''

दीक्षा के बाद स्वामी शंकरानन्द जी स्वामी तेजोमयानन्द जी से मिले। दूसरे दिन वे कानपुर लौट आये। कानपुर आने पर घर और बाहर के लोग उनसे आश्चर्य के साथ मिले और उनका अभिनंदन किया।

श्री वनखण्डेश्वर मंदिर का स्थान गुरुदेव ने दो वर्ष पहले 1986 में ले लिया था। वहाँ भूमि पूजन होने के बाद भवन निर्माण का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया था। स्वामी शंकरानन्द जी पूर्व से ही आश्रम का यह कार्य अपने हाथ में लिये थे। उसे वे आगे बढ़ाते गये। अब उनके मुख्य कार्य आश्रम का निर्माण, पुस्तकों और पत्रिका का प्रकाशन तथा अध्ययन और प्रवचन ही था।

1991 में अप्रैल महीने में स्वामी जी मात्र तीन जनों के साथ पितामह सदन, मंधना पहुँच गये। इसके बाद इलाहाबाद से श्री एस0 एस0 अग्रवाल और उनकी पत्नी भी वहाँ आकर रहने लगे। कुछ कर्मचारी भी जुड़ना प्रारम्भ हुये। उन दिनों आश्रम में अर्थ व्यवस्था दुर्बल थी। गुरुदेव ने जितना निर्माण कार्य करवा दिया था उसके बाद मुख्यालय से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल रही थी।

स्वामी तेजोमयानन्द जी के कहने से स्वामी शंकरानन्द जी ने बड़े ज्ञान-यज्ञ करना प्रारम्भ किये। पहला यज्ञ मेरठ में साकेत के शिव मंदिर में आयोजित हुआ। पहले दिन दस पाँच लोग ही दिखाई दिये। धीरे-धीरे संख्या और बढ़ती गई। आध्यात्मिक रहस्य को जानकर सबके संशय मिटने लगे। साधकों के मन में उत्साह हुआ कि यह जीवनोपयोगी ज्ञान अन्य नगरों में भी फैले। अत: उनके प्रयास से रुड़की, मुजफ्फरनगर तथा अनेंक नगरों में स्वामी जी के ज्ञान यज्ञ आयोजित हुये। चिन्मय मिशन ने उन केन्द्रों को गति प्रदान की। इन नये केन्द्रों में स्वामी जी का तपस्वी जीवन व तितिक्षा प्रकट हुई। रेलयात्रा, ठहरने के स्थान, प्रवचन कक्ष बड़े साधारण रहे फिर भी वे पीछे नहीं हटे। अधिक आयु में भी इतना परिश्रम और कष्ट सहन देहासक्ति से मुक्त पुरुष ही कर सकता है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ से प्रारम्भ हुये ज्ञान-यज्ञों का सिलसिला रुड़की, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बुलन्दशहर, अलीगढ़, आगरा और मुरादाबाद तक चलता रहा। उन्होंने गाजियाबाद और देहरादून में भी ज्ञान-यज्ञ किये। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में केन्द्र खोले । मध्य प्रदेश में रीवा और सतना में कई ज्ञान-यज्ञ किये। बिहार में पटना, गया, रांची तक स्वामी जी पहुँचे। आसाम में गुवाहाटी और गोलाघाट में उनका यज्ञ आयोजित हुये। क्रमश: यज्ञों का कार्यक्रम इतना अधिक बढ़ गया कि लगातार एक दो महिने तक उनका सिलसिला चला करता था। मंधना आश्रम लौटने का समय नहीं मिलता था।

मिर्जापुर में कुछ वर्षों तक ज्ञान यज्ञों के पश्चात श्री मुरलीधर गोयनका की सहायता से यज्ञों ने ध्यान शिविर का रुप ले लिया। नगर के बाहर एक फार्म हाउस में उसका बड़ा सुन्दर आयोजन होता था। चार दिन तक सब लोग मौन रहते थे। नित्य तीन कक्षायें सैद्धान्तिक और तीन कक्षायें प्रयोगात्मक ध्यान की होती थीं। इन शिविरों को बहुत पसंद किया गया। फिर वर्ष के प्रारम्भ में एक शिविर रीवा आश्रम में तथा दूसरा वर्ष के अन्त में हरिद्वार में भी होने लगा।

स्वामी जी वर्ष में एक बार ज्ञान यज्ञ का शिविर भी करते थे। गर्मियों की छुट्टियों में होने वाले इस शिविर में दूर दूर से लोग भाग लेने आते थे। इस प्रकार के शिविर उत्तरकाशी, सिद्धबाड़ी, कोयम्बटूर और पोर्ट ब्लेअर गये । घर से दूर वेदान्त चिन्तन, तीर्थयात्रा, मुक्त जीवन तथा स्वामी जी के साथ रहने का अवसर। यह यज्ञ बड़े लाभकारी सिद्ध हुये।

सन् 1996 में स्वामी जी की दृष्टि में वृद्धजनों के लिए कल्याणकारी योजना आयी। अपने धर्म शास्त्रों में ब्रह्मचर्य, गृहस्थ, वानप्रस्थ और संन्यास चार आश्रमों का वर्णन है। इन चारों आश्रमों में मनुष्य के पृथक - पृथक धर्म है। जैसे बाल्यकाल में मुख्यत: धर्म शिक्षा प्राप्त करना, गृहस्थ होने पर निष्काम कर्म करना, वानप्रस्थ में तपस्या तथा संन्यास में प्रपंच त्याग कर परमात्मा में वास करना है। वानप्रस्थ और संन्यास के धर्मों का पालन न करने के कारण लोगों के सामने अनेक शारीरिक, आर्थिक, मानसिक और सामाजिक समस्यायें आती हैं, जिनके कारण आज हम सभी तृषित हैं। इसके समाधान के लिए स्वामी जी ने एक नया विभाग बनाने का निश्चय किया। इसे प्रारम्भ करने के लिए उन्होंने इलाहाबाद में 4 दिन का एक शिविर लगाया, जिसमें नित्य एक-एक घंटे की पांच कक्षायें लगाईं। इसमें इन्होंने तृतीय अवस्था की सभी समस्याओं को 4 भागों में बाँट दिया और उनके भौतिक समाधान बताकर पांचवी कक्षा में उनके आध्यात्मिक समाधान भी प्रस्तुत किये।

इस शिविर से लोगों की समझ में आ गया कि वृद्धावस्था समाधान शिविर कैसे लगाये जा सकते हैं और उनसे लोगों का क्या लाभ होगा। वृद्धजनों के प्रशिक्षण के लिए एक तीन-स्तरीय पाठ्यक्रम तैयार हुआ-परिचय, प्रारम्भिक और उच्च। उसी समय स्वामी जी ने एक पुस्तक लिख कर तैयार की जरा "विज्ञान प्रवेशिका"

यह योजना सेन्ट्रल चिन्मय वानप्रस्थ संस्थान के नाम से चल रही है। उनकी गवर्निंग काउन्सल के अध्यक्ष स्वामी जी बनाये गये। इसके बाद स्वामी जी ने वृद्धजनों के लिए एक और पुस्तक लिखी "जरावस्था में कैसे जियें "। यह पुस्तक वस्तुत: "साधना पंचकम् " की विस्तृत व्याख्या है जो वृद्धावस्था समाधान शिविरों में पढ़ाई जाती है। डा0 सज्जन सिंह द्वारा लिखित एक पुस्तक "जरावस्था स्वास्थ्य विज्ञान " शारीरिक समस्याओं का समाधान करती है। अब तक वृद्धावस्था समाधान के देश में अनेक शिविर लग चुके है। इसमें डा0 सज्जन सिंह स्वास्थ और मनोविज्ञान की, श्री एस एस अग्रवाल योगासन और श्री आर0 एन0 कपूर समाजशास्त्र की कक्षायें लेते है। स्वामी जी धर्म और अध्यात्म की कक्षा लेकर सभी समस्याओं का आध्यात्मिक समाधान बताते थे।

इन समस्त कार्यों के साथ स्वामी जी पितामह सदन, कानपुर का क्रमश: विकास करते रहे। ज्ञान-यज्ञों में प्राप्त हुई गुरु दक्षिणा से यह विकास सम्भव हो सका है।

स्वामी शंकरानन्द जी मुख्य रुप से आध्यात्मिक साहित्य के रचयिता थे। वे सरल प्रवाहपूर्ण भाषा में गद्य, पद्य दोनों लिख सकते थे। लेखन कार्य उनके लिए अनायास था, कहीं काटा छांटी नहीं । इससे उनके सुलझे हुए क्रमबद्ध विचार - प्रवाह का परिचय मिलता था। कविता में भी मात्रा और यति दोष नहीं। वह भी सरल और सादी। अलंकारों का मोह नहीं दिखाई देता। अभी तक उनका कोई काव्य संग्रह प्रकाशित नहीं हुआ है और न स्वामी जी ने इसके लिए कोई प्रयास किया।

उनकी पुस्तकों में सबसे महत्वपूर्ण विद्यारण्य स्वामी रचित वेदान्त के विस्तृत ग्रन्थ पंचदशी की व्याख्या है। दूसरा महत्वपूर्ण विद्यारण्य कार्य कैवल्यउपनिषद् की व्याख्या है। तीसरा ग्रन्थ महाभारत में सनतकुमार द्वारा धृतराष्ट्र को वेदान्त शिक्षण की व्याख्या है। इसके अतिरिक्त शंकराचार्य के प्रारम्भिक वेदान्त ग्रन्थ "तत्त्व बोध" की व्याख्या वेदान्त में प्रवेश करने वाले साधकों के लिए बहुत उपयोगी है।

छान्दोग्यपनिषद् के छठे अध्याय से "तत्त्वमसि " की व्याख्या लिखकर स्वामी जी ने इसे सुलभ और सरल बना दिया है। स्वामी जी के व्याख्या ग्रन्थों में रमण महर्षि कृत सद्दर्शन भी है।

इन ग्रन्थों के अतिरिक्त स्वामी जी ने श्रीरामचरितमानस के अध्येताओं के लिए भी महत्वपूर्ण ग्रन्थ लिखे हैं "मानस के प्रतीक " तथा "मानस गीता सप्तक " । अध्यात्म विद्या के विभिन्न विषयों को लेकर भी स्वामी जी ने पुस्तकें लिखी थीं। इनमें सबसे अधिक प्रचलित "कर्मयोग साधना " है। इस प्रकार स्वामी जी ने भक्ति, ज्ञान, धर्म आदि विभिन्न विषयों पर छोटी-बड़ी पुस्तकें लिखी है।

स्वामी जी के कुछ प्रवचन भी टेप रिकार्ड किये गये थे। टेप आडियो और वीडियो दोनों प्रकार के हैं। कुछ टेप (आडियो) मुंबई मुख्यालय से प्रकाशित हो कर वितरित हो रहे हैं। अन्य टेप भक्तों के पास व्यक्तिगत रुप से संग्रहीत हैं। किसी के माँगने पर उनकी प्रतिलिपि मिल सकती है। सबसे बड़ा कार्य श्रीरामचरितमानस जैसे विशाल ग्रन्थ पर स्वामी जी के टेप बद्ध हैं। तत्त्वबोध, दृगदृश्य विवेक, श्रीमद्भगवद्गीता पर भी उनकी व्याख्या के टेप हैं।

उनका ऊँ का चार्ट एक विलक्षण रचना है जिसके द्वारा वे वेदान्त के सभी सिद्धान्तों और साधना पद्धतियों की व्याख्या कर देते थे।

सीखने के लिए आयु कोई बाधा नहीं है। स्वामी जी ने कुछ वर्ष पूर्व ही कम्प्युटर पर कार्य करना सीखा था। वे "पेजमेकर, माइक्रोसाफ्ट वल्डॅ, एक्सेल, फाक्स प्रो, टैली " इत्यादि पैकेजों पर कार्य कर सकते थे। वे "ई मेल " और "इन्टरनेट " का भी प्रयोग करते थे। इस समय वे अपनी पुस्तकों का इन्टरनेट पर भेजने की व्यवस्था कर रहे थे।

इतने विस्तृत कार्य करने वाले स्वामी शंकरानन्द जी की पूर्ति कैसे सम्भव है। आश्रमवासियों के लिए उनका अभाव और भी अधिक कष्टकारी है। भगवान हम सबको उनके जीवन - चरित्र से प्रेरणा लेने का वरदान दें।